इंस्टाग्राम पर युवती का अपरिचित युवक से हुई दोस्ती देखते ही देखते प्यार में तब्दील हो गई। नतीजा युवती घरवालों को बिना बताए अपने प्रेमी के साथ चली गई। वहां मंदिर में विवाह रचा लिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसे एक माह बाद बलिया से बरामद करने में कामयाब हुई। हालांकि वह अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही।
पट्टी पुलिस ने गायब युवती के मोबाइल की काल डिटेल व मैसेज की छानबीन करने के बाद लोकेशन खोज निकाला। शनिवार को पुलिस की एक टीम बलिया के लिए रवाना हुई। बलिया पहुंची पुलिस युवती संग बलिया के रहने वाले आरोपी विशाल को भी हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि एक साल पहले दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। जो बाद में मोहब्बत में बदल गई। 16 फरवरी को युवती प्रयागराज पहुंची और विशाल को भी बुला लिया। जहां से दोनों बलिया चले गए।
सोमवार को पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश किया। वह परिजनों के साथ जाने से इन्कार करते हुए प्रेमी के साथ जाने की जिद करती रही। कोतवाल ने बताया कि चूंकि दोनों बालिग हैं। कोर्ट में दिए गए बयान के आधार पर पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।