उमसभरी गर्मी में 33 केवीए मेन लाइन के बार-बार फेल होने से कई उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं, ओवरलोड व लाइनों में फाल्ट के चलते दिनभर बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। गर्मी बढ़ी तो बिजली भी दगा देने लगी। लोग पसीने से तरबतर रहे। वहीं, ग्रामीण अंचल के रानीगंज अजगरा, पहाड़पुर, गड़वारा व लालगंज उपकेंद्रों से जुड़े सैकड़ों गांवों में अघोषित कटौती जारी रही।
शहरी क्षेत्र के अधिकांश मोहल्लों में कई घंटे बिजली गुल रही। दहिलामऊ उपकेंद्र से सोमवार रात 10:30 बजे से दो घंटे के लिए आपूर्ति बाधित रही। कटरा उपकेंद्र के नगर पंचायत सिटी प्रतापगढ़ में फाल्ट के कारण रात नौ बजे आपूर्ति बाधित हुई।
33 केवीए मेन लाइन की सप्लाई फेल होने से रानीगंज अजगरा, पहाड़पर, लालगंज के सैकड़ों में गांवों में रात के समय कई बार बिजली कटौती हुई। जेई अखिलेश ने बताया कि 33 हजार मेन लाइन की सप्लाई फेल होने के कारण आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सत्यपाल ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या हो रही है।
...........
चिलबिला में चला चेकिंग अभियान
कादीपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई अरविंद कुमार सिंह ने मंगलवार को चिलबिला में चेकिंग अभियान चलाया। वृद्धाश्रम में एक लाख से अधिक बकाया होने पर मीटर की रीडिंग लेते हुए जल्द बकाया भुगतान के निर्देश दिया। चेकिंग के दौरान बिजलीकर्मी मौजूद रहे। जेई अरविंद ने बताया कि 30 सितंबर तक घर-घर जाकर चेकिंग की जाएगी।