कल शाम थमेगा चुनावी शोर, अंतिम दौर में प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
- 506 मतदेय स्थलों पर चार मई को सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार खत्म होने की समय सीमा नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। सोमवार को शहर में मुख्यमंत्री की जनसभा होने के साथ ही टाउन एरिया में अन्य दलों के प्रत्याशियों ने रोड शो , नुक्कड़ सभा करके अपनी पकड़ मजबूत दिखाने का प्रयास किया।
शहर के नगर पालिका परिषद बेल्हा और 18 नगर पंचायत में चार मई को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 247 और सभासद के लिए 1915 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। सोमवार को अंतिम समय में प्रत्याशियों ने जूलूस, रोडशो और नुक्कड़ सभा करके मतदाताओं के सामने अपनी प्राथमिकताई और समर्थकों के साथ धमक दिखाई। सुबह-शाम में रुठों को मनाने का दौर चलता रहा। एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा के मुताबिक बुधवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रसार पर रोक लग जाएगी। इसके बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
प्रचार के लिए मिले 13 दिन
प्रत्याशियों को इस बार प्रचार के लिए 13 दिन मिले। इन 10 दिनों में एक तरफ शहरी इलाका झंडे, बैनर और पोस्टर से पट गया है। सोमवार को सुबह से देर शाम तक हर वार्ड में चुनाव की चर्चा और सभाएं होती रहीं। मतदाता यह जानने को उत्सुक हैं कि किस प्रत्याशी को ज्यादा जनसमर्थन मिल रहा है और कौन सीट निकाल सकता है।
इनसेट
तहसीलों से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
जिले में चार मई को होने वाले मतदान के लिए तहसीलों से तीन मई को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। सदर के नगरपालिका परिषद और नगर पंचायत सिटी, कटरा मेदनीगंज, मानधाता, अंतू, गड़वारा, कटरागुलाबसिंह के लिए जीआईसी से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जिसकी तैयारी तेजी से हो रही है।