लालगंज ब्लाक के समीप दुर्घटनाग्रस्त यात्रियों से भरी जीप। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
सवारियों से भरी जीप अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में चालक की दर्दनाक मौत हो गई और चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एक कोचिंग संस्थान के छात्रों की मदद से घायलों उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के हिसामपुर मनगढ़ निवासी अजय कुमार तिवारी (53) जीप चालक था। बृहस्पतिवार को वह यात्रियों से भरी जीप लेकर कुंडा से लालगंज आ रहा था। लालगंज ब्लॉक के समीप अचानक जीप अनियंत्रित होकर रोड किनारे विद्युत पोल से टकराते हुए पलट गई। हादसे में जीप चालक अजय कुमार तिवारी की विद्युत पोल की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि लालगंज के पूरे भरत जसमेढ़ा निवासी बीएससी नर्सिंग की छात्रा नेहा यादव (19), संग्रामगढ़ के दिनऊ का पुरवा निवासी धन्नू (50) मालती (60) उधरनपुर की नीमुल (19) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची लालगंज कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के समीप स्थित एक कोचिंग संस्थान के छात्रों की मदद से जीप में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस घायलों को लालगंज ट्रामा सेंटर ले गई। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।