सीएमओ की फटकार के बाद जिला मलेरिया अधिकारी की हालत बिगड़ गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। यहां हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
हमीरपुर निवासी राजेश कुमार गुप्ता सीएमओ आफिस में जिला मलेरिया अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उनके मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री की वीसी होनी थी। वह फाइल तैयार कर रहे थे। इसी बीच सीएमओ ने अपने चैंबर में बुला लिया और कुछ काम बताया। वे सीएमओ आफिस के दूसरे तल पर अपना काम निपटा रहे थे। इस बीच सीएमओ ने फिर फोन कर बुलाया। उनके पास पहुंचने में पांच मिनट का समय लग गया।
इससे नाराज सीएमओ डॉक्टर एके श्रीवास्तव ने अपने चैंबर में उन्हें जमकर खरीखोटी सुनाई। इसी बीच वे अचानक बेहोश होकर गिर गए। जिला मलेरिया अधिकारी की हालत बिगड़ने पर स्वास्थ्य कर्मचारी उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। इस बारे में सीएमओ से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं एडी प्रयागराज ने कहा कि मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है।