मंत्री मोती सिंह के पिता और नगर पालिका के पूर्व चेयरपर्सन भारत सिंह गांधी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को उनके आवास पहुंचे। स्व.भारत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। डिप्टी सीएम ने शोकाकुल मंत्री मोती सिंह और उनके परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। सोमवार को मंत्री के आवास पर दिनभर मंत्रियों और विधायकों के आने का सिलसिला लगा रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन हलाकान रहा।
सेामवार सुबह प्रयागराज से चले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकाप्टर सुबह करीब 10.15 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां विधायक संगमलाल गुप्ता, धीरज ओझा, जिलाधिकारी शंभु कु मार, एसपी एस आनंद, मंत्री प्रतिनिधि दिनेश शर्मा आदि ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डिप्टी सीएम मंत्री मोती सिंह के आवास के लिए रवाना हुए।
सबसे पहले उन्होंने मंत्री मोती सिंह से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ मंत्री मोती सिंह के पिता स्व. भारत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। करीब 15 मिनट रुकने के बाद वह फिर पुलिस लाइन पहुंचे और लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
मंत्री मोती सिंह के आवास पर सोमवार को उनके पिता स्व. भारत सिंह के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए दिनभर कैबिनेट मंत्री व विधायकों का जमावड़ा लगा रहा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह पहुंचे। उन्होंने स्व. भारत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना प्रकट की। आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री जयप्रकाश सिंह, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, पशुधन, लघु सिंचाई एवं मत्स्य विभाग मंत्री प्रो. एसपी सिंह ने भी उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की।
इसी तरह कुशीनगर विधायक रामानंद बौद्ध, विधायक रजनीकांतमणि, अमेठी विधायक राकेश सिंह, वाराणसी विधायक अवधेश सिंह, पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह, प्रयागराज के मंडलायुक्त आशीष गोयल भी संवेदना प्रकट करने मंत्री मोती सिंह के आवास पहुंचे।