दोस्त के साथ ऊंचाहार की तरफ जा रहे रिटायर्ड लिपिक की बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रिटायर्ड लिपिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का इलाज चल रहा है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ब्रह्मैली गांव निवासी रामबहादुर विश्वकर्मा (70) पुत्र मंगल विश्वकर्मा मंगलवार की दोपहर अपने परिचित सत्येश शर्मा (25) पुत्र रामदेव निवासी मनऊ का इंदारा थाना ऊंचाहार जनपद रायबरेली के साथ बाइक से ऊंचाहार की तरफ जा रहे थे। वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के ब्रहमौली चौराहा से थोड़ा आगे बढ़े थे कि पीछे से जा रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से दोनों को ऊंचाहार एनटीपीसी ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने रामबहादुर को मृत घोषित कर दिया। सत्येश शर्मा का इलाज चल रहा है। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और शव देख बिलख पड़े।
रामबहादुर विश्वकर्मा कालाकांकर स्थित हनुमत इंटर कालेज में बाबू के पद पर कार्यरत थे। 2013 में वह रिटायर हो गए थे। तब से घर पर ही रहकर खेती करते थे। घटना को अंजाम देकर भाग रही पिकअप को ऊंचाहार पुलिस ने पकड़ लिया। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए रायबरेली भेजा।