स्थानीय थाना क्षेत्र के साहबगंज पोस्ट ऑफिस में बृहस्पतिवार की सुबह सब्जी विक्रेता का शव फांसी के फंदे पर लटकता देख बाजार में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। खबर भेजे जाने तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नही दी गई।
लीलापुर के बहलोलपुर निवासी जितेंद्र मिश्र (25) साहबगंज बाजार में ही सब्जी की दुकान लगाता था। बुधवार को वह दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला था। बृहस्पतिवार की सुबह बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस के बरामदे में उसका शव फंदे पर लटका देख सनसनी फैल गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। बेटे के मौत की खबर मिलते ही मां मीरा देवी परिवार के लोगों के साथ रोते बिलखते मौके पर पहुंची। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। छोटा भाई महेन्द्र ई-रिक्शा चलाता है और पिता सुनील मिश्र मेरठ में ट्रक चालक है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक नशे का आदी था और इधर कुछ दिनों से मानसिक रुप से परेशान चल रहा था। सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर का कहना है कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत होता है।
रुपये वापसी को लेकर रहता था तनाव में
सब्जी विक्रेता की मौत को लेकर बाजार में चर्चाओं का बाजार गर्म है। युवक की हत्या या आत्महत्या के गुत्थी को सुलझाने में उलझी पुलिस ने पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगाने की बात सामने आने पर राहत की सांस ली है। मां मीरा देवी के अनुसार पखवारे भर पहले किसी से बीस हजार रुपये के लेनदेन को लेकर फ़ोन पर मृतक का विवाद हुआ था। चर्चा यह भी है कि किसी समूह से मृतक ने एक लाख रुपया उधार लिया था। इस रकम के वापसी को लेकर भी युवक तनाव में चल रहा था। पुलिस सभी बिंन्दुओं पर जांच कर रही है।