सगरासुंदरपुर बाजार की बीओबी ब्रांच के भीतर कतार में लगने को लेकर हुई कहासुनी के बाद नाराज दबंगों ने युवक को पीटकर अधमरा कर दिया। जिला अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। लालगंज के सगरासुंदुरपुर बाजार में बैंक आफ बड़ौदा की शाखा है।
सोमवार को स्थानीय बाजार निवासी रवि जायसवाल (22) पैसे के लेनदेन के सिलसिले में कतार में खड़ा था। इस बीच एक युवक वहां पहुंचा और बिना लाइन में लगे काउंटर की ओर बढ़ने लगा। रवि ने इस पर आपत्ति व्यक्त की तो वह उससे उलझ गया। कहासुनी के दौरान ही वह रवि से मारपीट करने लगा। इस पर बैंक के भीतर खड़े लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद वह युवक बाहर चला गया। थोड़ी ही देर बाद वह अपने तीन साथियों के साथ बैंक के भीतर पहुंचा और कतार में खडे़ रवि को पीटने लगा। दबंगों ने उसे इस कदर पीटा की वह लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद तीनों आराम से बाहर चले गए। इस दौरान करीब पंद्रह मिनट तक बैंक में अफरातफरी मची रही। घटना के बाद परिजन रवि को स्थानीय अस्पताल ले गए। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पिटाई करने वाले युवकों की सीसीटीवी फुटेज से तलाश की गई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच मामले की जांच की है।