पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुई तकरार से नाराज विवाहिता ने घर के भीतर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। इलाज के लिए ले जाने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसे बचाने में पति भी झुलस गया। लालगंज कोतवाली के बेलहा निवासी रामलखन का विवाह छह साल पहले अमरावती (32) के साथ हुआ था। रामलखन कुछ दिनों पहले अपने माता-पिता से अलग रहने लगा। पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर आए दिन सास-ससुर व अमरावती के बीच तकरार होती रहती है। रविवार को भी उनके बीच बंटवारे को लेकर कहासुनी होने लगी। इससे नाराज होकर अमरावती अपने कमरे में गई और केरोसिन छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर लिया।
घर से धुआं उठता देख रामलखन भीतर की ओर भागा। देखा तो अमरावती आग से घिरी थी। पत्नी की आग बुझाने के लिए उसने जान की बाजी लगा दी। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंचे और रामलखन के साथ मिलकर आग बुझाने लगे। आग बुझाने के दौरान रामलखन के दोनों हाथ जल गए। लोग गंभीर रूप से झुलसी अमरावती को इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था कर ही रहे थे कि उसकी सांसे थम गईं। घटना की खबर मिलते ही प्रभारी कोतवाल अमित पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी कोतवाल अमित पांडेय ने बताया कि किसी ने कोई तहरीर नही दी है।