घर में चिराग लेकर सामान खोजते समय युवती आग की चपेट में आकर जिंदा जल गई। फायरब्रिगेड ने ग्रामीणों के साथ किसी तरह आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेठवारा थाना क्षेत्र के देवापुर सिकली की रहने वाली रोशनी (19) पुत्री अनवर बुधवार की सुबह आठ बजे अंधेरे घर में चिराग लेकर सूखी लकड़ी लेने गई थी।
कच्चे मकान के छत पर चढ़ते समय अचानक चिराग गिर पड़ा। जिससे रोशनी आग की चपेट में आ गई। उसके चीखने चिल्लाने पर मां व भाई बहन शोर शराबा करने लगे। तब तक आग की चपेट में रोशनी पूरी तरह आ चुकी थी। लपटों से घर में भी आग लग गई। सूचना मिलने पर फायरब्रिगेड पहुंची। जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक रोशनी की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोशनी के पिता अनवर की दस साल पहले ही मौत हो चुकी है। घर पर उसकी मां, भाई व बहन ही रहते हैं। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा रहा। ग्रामीणों ने शव को पुलिस को न सौंपने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रोशनी के साथ गृहस्थी भी राख
जेठवारा के देवापुर में बुधवार की सुबह हर ओर शोर शराबे की आवाज से सन्नाटा टूटा । ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे। कच्चे मकान को आग ने पूरी तरह से अपने आगोश में ले लिया था। फायरब्रिगेड को मकान के ऊपर चढ़कर आग बुझानी पड़ी। आग से रोशनी के घर की गृहस्थी भी जलकर राख हो गई। रोशनी का शव भी जलकर राख में बदल गया था।
बदहवास दिखे परिजन
रोशनी की मौत से उसके परिवार के लोग बदहवास दिखे। उसकी मां फरीदा बेगम, बहन मुस्कान और भाई अलताफ घर में आग लगने के बाद शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। रोशनी आग की चपेट में आने के बाद चीखती चिल्लाती रही। उसे बचाने के लिए परिजन भी बदहवास होकर शोर शराबा मचाते रहे। रोशनी भी बचने के लिए इधर से उधर भागती रही।