बाबागंज स्थित एसबीआई शाखा में मंगलवार को कई दिनों से चक्कर लगाने के बाद भी रुपये न मिलने पर एक महिला शिकायत करने के लिए बैंक मैनेजर के कमरे में घुस गई। आरोप है कि इससे नाराज मैनेजर ने डांटने के बाद उसे धक्का दे दिया। कुछ ही देर में जमीन पर गिरी महिला की मौत हो गई। इससे बैंक में हड़कंप मच गया।
कर्मचारियों ने शव को बाहर कर भीतर से ताला बंद कर लिया। घटना की जानकारी होने पर उग्र ग्रामीणों ने बैंक को घेर लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। देर रात प्रबंधक की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। जिससे एक सिपाही का सिर फट गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया और बैंक प्रबंधक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। सीओ लालगंज ने बताया कि मृतका के पति ने तहरीर दी है। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
महेशगंज थाना क्षेत्र के पुरमई सुल्तानपुर निवासी श्रीमती (40) पत्नी फूलचंद सरोज बीमार चल रही थी। इलाज के लिए वह पैसे निकालने के लिए बाबागंज स्थित एसबीआई की शाखा जा रही थी। चार दिन से बैंक आने के बाद भी उसे रुपये नहीं मिले। मंगलवार को वह फिर बैंक पहुंची तो भारी भीड़ थी। दोपहर तक वह लाइन में लगी रही, लेकिन उसका नंबर नहीं आया। गर्मी से बेहाल श्रीमती शाखा प्रबंधक प्रेम कुमार के केबिन में पहुंच गई और अपनी समस्या बताने लगी। इससे शाखा प्रबंधक नाराज हो गए और उसे डांटने लगे। आरोप है कि महिला को केबिन से निकालने के चक्कर में धक्का दे दिया। इससे वह गिर गई। कुछ देर तक न वह उठी और न ही उसे किसी ने उठाया। बाद में कुछ लोगों ने देखा तो उसकी सांसें थम गई थीं।