प्रसव के लिए न्यूरिया सीएचसी से रेफर होकर जिला अस्पताल आई गर्भवती महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन प्राइवेट एंबुलेंस से उसे शहर के निजी नर्सिंग होम ले जा रहे थे। सड़क पर लगने वाले मंगल बाजार की वजह से एंबुलेंस जाम में फंस गई जिससे नर्सिंग होम गर्भवती वक्त पर नहीं पहुंच सकी और रास्ते में ही दम तोड़ दिया। न्यूरिया के मोहल्ला हसन नगर निवासी प्रेमशंकर की 21 वर्षीय पत्नी गोमती को पहले सीएचसी लाया गया लेकिन यहां हालत बिगड़ने पर जिला महिला अस्पताल लाया गया। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अनीता चौरसिया ने बताया कि गर्भवती महिला को डॉ. विजय लक्ष्मी ने देखा था। उनके मुताबिक गर्भवती महिला का ब्लडप्रेशर काफी बढ़ा हुआ था और पेट में बच्चे की स्थिति भी दुरुस्त नहीं थी। इसको लेकर महिला के परिवारीजनों को जानकारी दी गई। इस पर उसके परिवारीजन सरकारी अस्पताल में इलाज कराने को तैयार नहीं हुए और उसे निजी अस्पताल में इलाज कराने की बात कहकर लेकर चले गए। मंगल बाजार की वजह से रास्ते में जाम लगा था जिसकी वजह से एंबुलेंस फंस गई और जबतक निजी नर्सिंग होम लाया गया महिला की मौत हो गई थी। नारायण नर्सिंग होम के डॉ. भरत कंचन ने बताया कि गर्भवती मृत अवस्था में पहुंची थी। अगर वक्त पर महिला पहुंचती तो बचाई जा सकती थी।