सिटी कस्बे के मलियाना टोला मोहल्ले में असलहों से लैस 6 युवकों ने गुुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे दो लोगों को गोली मारने के साथ ही ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों ने करीब बीस 20 राउंड फायरिंग की। दहशत में आए मोहल्ले के लोग घरों में दुबक गए। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भाग निकले। गोली लगने से घायल युवकों को जिला अस्पताल से इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हमलावर एक दिन पहले दधिकांदो मेले में डीजे के गाने को लेकर हुए विवाद से खार खाए थे।
नगर कोतवाली के मलियाना टोला निवासी शनि सैनी (25) पुत्र सालिकराम और नीरज मौर्या (30) पुत्र वंशीलाल गुरुवार की रात दाधिकांदो मेला समाप्त होने के बाद अपने घर पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इस बीच असलहों से लैस 6 युवक आ धमके। उन्होंने पहले शनि को गोली मारी।
फिर उसे बचाने दौड़े नीरज को भी गोली मार दी। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। जिससे लोग अपनी घरों में छिप गए। हमलावर काफी देर तक मोहल्ले में फायरिंग करते रहे। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन जब तक हमलावर भाग निकले। बताया जाता है कि बुधवार को दाधिकांदो मेले में डीजे पर गाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस के पहुंचने से मामला शांत हो गया था। बुधवार की घटना को लेकर हमलावर खार खाए हुए थे। मौका पाकर उन लोगों ने हमला बोल दिया। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बवाल की आशंका में मौजूद रहे एसडीएमः सिटी कस्बे में गुरुवार को भी दधिकांदो मेले के मौके पर शोभायात्रा निकाली गई। एसडीएम सदर शशीभूषण राय, नगर कोतवाल हरिपाल सिंह, सिटी चौकी प्रभारी वजीउल्ला दलबल के साथ मेला समाप्त होने तक मौजूद रहे। इस दौरान कोई भी विवाद नहीं हुआ। पुलिस के हटते ही पहले से खार खाए युवकों ने हमला बोल दिया।