हल्की बारिश के बीच गुरुवार को बिजली गिरने से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे ईसीपुर और पूरे ठकुराइन बिकरा गांव में हुए। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी पहुंची और जांच-पड़ताल की।
अंतू थाना क्षेत्र के ईसीपुर खूसा मिश्र का पुरवा के कोटेदार के भाई सूर्यनारायण उर्फ भग्गू की पत्नी निर्मला उर्फ गुलाबा देवी (58) गुरुवार की शाम खेत की ओर फसल देखने गई थी। अचानक बरसात होने के चलते वह भीगने से बचने के लिए महुए के पेड़ के नीचे जाकर छिप गई। अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी। जिसकी चपेट में आने से गुलाबा तड़पने लगी। यह देख रहे लोगों ने शोर मचाया। जिसके बाद परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। उसे वाहन से लेकर अस्पताल की ओर भागे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। एसओ संजय शर्मा ने बताया कि परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।
दूसरी ओर जेठवारा थाना क्षेत्र के पूरे ठकुराइन बिकरा निवासी छोटेलाल (45) गुरुवार दोपहर बाग की ओर चला गया। उसकी पत्नी बकरी चराने बाग की ओर गई थी। वह भी पत्नी के साथ बकरी चरा रहा था। अचानक तेज आवाज के साथ्ा बिजली चमकने व कड़कने लगी। इस पर भयभीत छोटेलाल भागकर पेड़ के पीछे छिप गया। तभी बिजली गिरी और वह इसकी चपेट में आने से गंभ्ाीर रूप से झुलस गया। सूचना पर परिवार के अन्य लोग पहुंचे आैर उसे गंभीर हालत में लेकर अस्पताल की ओर भागे।
अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी मौत पर परिजन रोने-बिलखने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ ही राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम में शामिल सदस्यों ने परिवार के लोगों को आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया। इन घटनाओं के बाद आसपास के गांव के लोग भी दहशत में आ गए।