भगवती जागरण में शामिल होने जा रहे सपा नेता के ट्रैक्टर चालक की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। रविवार को उसका शव पड़ोसी गांव सरौली में मिला। मौके पर शराब की बोतल व गिलास भी मिली। पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गांव के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पूरे मुसई निवासी रंजीत (32) पुत्र मुसई सपा नेता इंद्रदेव तिवारी का ट्रैक्टर चलाता था। शनिवार की रात कोर्रा गांव के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित भगवती जागरण में शामिल होने की बात कहकर वह घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजन इधर-उधर खोजबीन किए लेकिन कहीं पता नहीं चला। रविवार की सुबह पड़ोसी गांव सरौली में रंजीत का लहूलुहान शव मिला। सिर पर चोट के गहने निशान थे। लाश के करीब ही शराब की बोतल व गिलास भी मिला। सूचना मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी होते ही कोहड़ौर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में मृतक के चाचा मेवालाल ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने देर रात रंजीत के साथ रहने वाले लोगों की तलाश करने लगी। गांव के दो सगे भाइयों के साथ ही एक अन्य व्यक्ति को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसओ कोहड़ौर ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। सिर पर चोट के निशान मिले हैं। रात में वह घटनास्थल पर ही शराब पी रहा था। यह बात संज्ञान में आई है।