क्षेत्र के बासूपुर पौड़िया में किराना स्टोर व बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) की टाइनी शाखा जोरदार धमाके के साथ जमींदोज हो गई। बिजली के शार्ट सर्किट के बाद आग लगने से गैस सिलेंडर में विस्फोट होने के चलते हादसा हुआ। आधी रात भयंकर धमाके से ग्रामीणाें के बीच अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर धमाके की वजह को लेकर छानबीन की। किसी के हताहत नहीं होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
लालगंज कोतवाली के बासूपुर पौड़िया निवासी विश्वनाथ तिवारी उर्फ मुन्ना ने गांव के प्राथमिक विद्यालय के समीप किराने की दुकान खोल रखी है। बैंक आफ बड़ौदा की टाइनी शाखा भी इसी दुकान से संचालित करते हैं। शनिवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर गांव में ही कुछ दूरी पर स्थित अपने घर चले गए। आधी रात के करीब टाइनी शाखा व किराना स्टोर में बिजली के चलते शार्ट सर्किट से आग लग गई। यहां रखे गैस सिलेंडर में आग लगने से सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना भंयकर रहा कि टाइनी शाखा व किराना स्टोर की चारों ओर की दीवाल उड़ गई। धमाके से छत का लिंटर जमीदोज हो गया। जोरदार विस्फोट की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। पहले तो उनको कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन जब ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे तो गैस सिलेंडर जलता देख सारा माजरा उनकी समझ में आ गया।
धमाके से सहमे लोग आग बुझाने का साहस नहीं जुटा पा रहे थे। रात होने के चलते किसी को कुछ सूझ नहीं रहा था। करीब एक बजे रात में सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी में टाइनी शाखा का लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर, चार हजार रुपये नकद, 200 उपभोक्ताआें की पासबुक समेत किराने की दुकान में रखा लाखाें को सामना स्वाहा हो गया। किसी के हताहत नहीं होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। विस्फोट की सूचना पर पुलिस भी भागकर मौके पर पहुंची। छानबीन में सिलेंडर से हादसा होने की बात सामने आई तो पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाल ने बताया कि सिलेंडर में धमाका होने से हादसा हुआ है। हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ।
लालगंज कोतवाली के बासूपुर पौड़िया में बैंक आफ बड़ौदा की टाइनी शाखा व किराना स्टोर में रात करीब 12 बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके के समय ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे। गांव की बस्ती से करीब सौ मीटर दूर हुए अचानक हुए भयंकर धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण कांप उठे। पहले तो ग्रामीणों को लगा कि कहीं बम फटने से हादसा हुआ है। हड़बड़ाए ग्रामीण पहले तो घरों में ही दुबके रहे, लेकिन जब लोगों ने टाइनी शाखा व किराना स्टोर को धू-धूकर जलते देखा तो अपने अपने घराें से बाहर निकल आए। धमाके से सहमें ग्रामीण इनता खौफजदा हो गए थे कि घटना स्थल के करीब भी जाने का किसी का साहस नहीं हो रहा था। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के गांवों में भी अफरा तफरी मच गई। घटना की जानकारी के लिए परिचिताें को मोबाइल फोन घनघनाने लगा। सिलेंडर से धमाका होने की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। विस्फोट की सूचना पर कोवताली पुलिस के हांथ पांव फूल गए। इलाकाई पुलिस हांफते हुए मौके पर पहुंची तो टाइनी शाखा धू-धूकर जल रही थी और चारों ओर ग्रामीणों की भीड़ जुटी थी। किसी अनहोनी की आश्ंाका पर पुलिस पहले घबरा गई, लेकिन बाद में जब सिलेंडर से धमाका होने और किसी की हताहत नहीं होने की जानकारी मिली तो उनके माथे से पसीना रुक सका। छानबीन के दौरान सिलेंडर से धमाका होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
धमाका होते ही लोगों के बीच अफवाही फैल गई कि बासपुर पौड़िया में किसी घर में बम फट गया। धमाके की आवाज ही इतनी जोरदार थी कि हर जुबान पर बस बम फटने की बात आम हो गई। घटना के काफी देर बात तक लोगाें में बम फटने की चर्चा रही। सुबह भी आसपास के बाजार में बारूद से धमाका होने की बात आम रही। लोग मौके पर पहुंचे तो उनको घटना की सच्चाई मालूम हो सकी।
किराना स्टोर के साथ ही टाईनी शाखा खुलने से दिन में यहां लोगों की भीड़ जुटी रहती है। यदि दिन में गैस सिलेंडर फट जाता तो कई लोग हताहत हो जाते। धमाका कितना जोरदार रहा होगा, इससे समझा जा सकता है कि दीवाल की ईट उड़कर दूर तक विखर चुकी थी। रात में सिलेंडर फटने से एक बड़ी घटना होते होेते रह गई।