स्कूली वाहन चालक के घर धावा बोलकर दबंगई दिखाने वाले प्रधान व बीडीसी समेत तीस लोगों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया है।
लालगंज कोतवाली के गोविंदपुर में बीडीसी कमलेश तिवारी के पुत्र की स्कूली वाहन की टक्कर में मौत हो गई थी। इससे नाराज बीडीसी व बीजूमऊ प्रधान के समर्थकों ने बुधवार को लोंहगपुर पंडित का पुरवा पहुंचकर वाहन चालक के घर जमकर तांडव मचाया था। चालक के नहीं मिलने पर घर की महिलाओं से अभद्रता की गई।
घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए हमलावरों ने खूब हंगामा काटा। तमंचा से फायर कर लोगाें को भयभीत भी किया गया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भागने में सफल हो गए थे।
घटना को लेकर पीड़ित सुशीला देवी पत्नी शिवभूषण की तहरीर पर कोतवाली में बीजूमऊ के प्रधान अनूप मिश्र, बीडीसी कमलेश तिवारी, बभनी के राजेश तिवारी, सेन का पुरवा के मनोज मिश्रा, गोविंदपुर के बबलू दुबे, रामसजीवन तिवारी, कुलदीप तिवारी, राकेश तिवारी, मेवालाल पटेल, गुड्डू तिवारी समेत 22 अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, बलवा, जानलेवा धमकी समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि उनकी ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी का लगातार प्रयास किया जा रहा है।