थाना क्षेत्र के मदुरा रानीगंज में एक घर से नकदी के साथ लाखों के जेवर उड़ा दिए। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। थाना क्षेत्र के मदुरा रानीगंज निवासी हरिकेश यादव परिवार के साथ बरामदे के बगल कमरे में सो रहे थे। रात को चोर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर सीढ़ी के सहारे छत से होते हुए मकान के भीतर घुस गए।
चोरों ने ताला तोड़कर जेवरात और पीतल के बर्तन तक समेट लिए। आलमारी में रखे बीस हजार रुपए नकद भी ले लिए। सोमवार सुबह घर से करीब तीन सौ मीटर दूर खेत में टूटी अटैची और ब्रीफकेस मिला। सुबह भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और तहरीर मांगती रही। हरिकेश ने बताया कि चोर दो लाख से अधिक के जेवरात और बर्तन ले गए हैं। हरिकेश के मुताबिक उसने तहरीर पुलिस को दी है। इसके बावजूद पुलिस तहरीर न मिलने की बात कह रही है। प्रभारी एसओ रवींद्र का कहना है कि चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है। तहरीर मिले तो कार्रवाई की जाए।