शहर में हाइवे पर बदमाश एक युवक से 1.30 लाख रुपये लूटकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची डायल 100 की टीम उसे कोतवाली ले आई। घटना की खबर मिलने पर पहुंचे मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी ने पीड़ित को रुपये के हिसाब किताब के लिए घुड़की दी तो वह भाग निकला।
नगर कोतवाली के सदर बाजार चौराहे के करीब हाईवे पर बुधवार दोपहर एक युवक को लोगों ने रोते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो उसे रोते देख आसपास के लोग पहुंच गए। कारण पूछा तो उसने बताया कि वह पट्टी कस्बे का रहने वाला पवन कुमार है और गुजरात से लौटने के बाद भंगवाचुंगी से टेंपो पकड़कर अपने घर जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार तीन बदमाश उसका बैग लेकर भाग निकले। उसमें 1.30 लाख रुपये थे। वह आम के व्यापारियों के लिए मजदूरों को लेने गांव आया है।
रुपये मजदूरों को एडवांस के रूप में देना था। घटना की जानकारी लोगों ने 100 नंबर को दी। कुछ ही देर में डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ के बाद उसे कोतवाली ले गई। लूट की खबर मिलते ही मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी कोतवाली पहुंचकर पीड़ित से पूछताछ करने लगे। घटनास्थल को लेकर पवन भ्रमित हो गया। मौका पाकर चौकी प्रभारी उसके ऊपर पिल पड़े। घुड़की दी कि हकीकत का पता चल जाएगा। इतने रुपये उसके पास आए कहां से। यह कहकर उससे घटनास्थल पर चलने के लिए कहा। चौकी प्रभारी की घुड़की के बाद बाहर निकला पीड़ित पवन गायब हो गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि वह बिना कुछ बताए चला गया।
लूट की घटना को लेकर भी कोतवाली में खासी माथापच्ची होती रही। पीड़ित व्यक्ति अपने साथ हुई घटना सदर बाजार के करीब बता रहा था। जबकि भंगवा चुंगी से आगे बढने की बात भी पूछताछ के दौरान सामने आई। फिलहाल पीड़ित को लूटने वालों की तलाश से अधिक कोतवाली पुलिस घटनास्थल को लेकर माथापच्ची करती रही।