पुरानी रंजिश को लेकर क्रिकेट खेल रहे संविदाकर्मी डाक कर्मचारी की पिटाई करने के बाद गोली मार दी गई। गंभीर हालत देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।
नगर कोतवाली के खजुरनी निवासी अमित पांडेय (28) पुत्र विजय पांडेय इलाहाबाद के धूमनगंज स्थित उपडाकघर में संविदा पर तैनात है। रविवार को अवकाश होने के कारण वह घर आया था। शाम को वह गांव के लडक़ों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर गांव के कुछ लोग बाहरी युवकों के साथ आ धमके। पहले अमित को लात-घूंसों से पीटा। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग दौड़े तो हमलावर उसके ऊपर फायर झोंककर भाग निकले।
गोली उसके दाहिने हाथ में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन व गांव के लोग उसे जिला अस्पताल ले आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। पूछताछ के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन करने लगी। हमलावरों की बाबत जानकारी के बाद पुलिस उनकी तलाश में दबिश देने लगी। नगर कोतवाल ने बताया कि पुरानी रंजिश में मारपीट हुई है। गोली लगने की बात अस्पष्ट नहीं है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।