कुंडा इलाके में टुल्लू चोरी के शक में एक किशोर के साथ पड़ोस के ही लोगों ने दरिंदगी की। बंधक बनाकर उसे जमकर पीटा और टुल्लू की बाबत पूछताछ करते रहे। इतने से भी उनका जी नहीं भरा तो आरोप है कि उसके गुप्तांग में शराब की बोतल डाल दी। उसे दो दिन बंधक बनाए रखा गया। बुधवार रात को वह मौका पाकर किसी तरह वहां से भाग निकला। परिजन उसे इलाज के लिए इलाहाबाद ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बाघराय थाना क्षेत्र के अवतारपुर निवासी भूपेंद्र सिंह का टुल्लू कुछ दिन पूर्व चोरी हो गया था। भूपेंद्र को शंका थी कि पड़ोस के रहने वाले किशोर ने उसका टुल्लू चुराया है। आरोप है कि मंगलवार की रात भूपेंद्र ने उसे झांसा देकर अपने घर बुलाया। इसके बाद उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। उसे जमकर पीटा गया। विपिन की मानें तो भूपेंद्र ने उसके साथ हैवानियत करते हुए शराब की बोतल गुप्तांग में डाल दी। वह चीखता रहा, लेकिन उसे रहम नहीं आया। बुधवार की रात किशोर मौका पाकर भाग निकला। वह अपने घर पहुंचा और परिजनों से रोते हुए आपबीती सुनाई। परिजन उसे लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। एसओ बाघराय ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र पर मुकदमा दर्ज कर घटना की पड़ताल शुरू कर दी गई है।