लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मिश्रपुर के करीब हाईवे पर ट्रक चालक व खलासी की हत्या करने के आरोपी शातिर ट्रक लुटेरे व 50 हजार के इनामी को मुठभेड़ में एसटीएफ ने लोनी नदी के पास से धर दबोचा। उसकी तलाश में काफी दिनों से एसटीएफ लगी थी। पकड़े गए बदमाश ने अधिवक्ता आरिफ को भी फोन पर धमकाया था।
एसटीएफ इलाहाबाद फील्ड यूनिट ने जिले में अपराधियों की तलाश में कई दिनों से डेरा डाल रखा था। सूत्रों की मानें तो एसटीएफ को भनक लगी कि 11 अप्रैल की रात ट्रक चालक इकरार निवासी करनपुर खूझी और खलासी मुजीब की गोली मारकर हत्या करने वाला 50 हजार का इनामी जुनैद निवासी रामपुर बंतरी जिले में किसी घटना को अंजाम देने के लिए मौजूद है। एसटीएफ ने उसे दबोचने के लिए अपना जाल बिछा दिया। गुरुवार दोपहर एसटीएफ ने लोनी नदी के पास से इनामी जुनैद को मुठभेड़ में दबोच लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस संग रुपये भी बरामद हुए। एसटीएफ और लालगंज पुलिस उससे पूछताछ कर रही हैं। उसने ट्रक लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। अधिवक्ता मोहम्मद आरिफ को भी फोन पर धमकाया था। जिसका नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। प्रतापगढ़ के अलावा जौनपुर, वाराणसी, अमेठी, सुलतानपुर में भी लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद जुनैद फरार चल रहा था। हालांकि अभी जिले की पुलिस जुनैद की गिरफ्तारी की बाबत मुंह खोलने को तैयार नहीं है।