आसपुर देवसरा के सराय भिखारी गांव में अराजकतत्वों ने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पर पहुंचे लोग वहां हंगामा करने लगे। इधर सूचना पाकर बसपा के भी तमाम पदाधिकारी जमा हो गए। माहौल गरमाता देख प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कर दूसरी प्रतिमा की स्थापना करा मामला शांत करा दिया।
देवसरा इलाके के सराय भिखारी गांव के मैदान में लगी बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर जमीन पर गिरा दिया गया था। भोर में शौच को निकले ग्रामीणों ने जब प्रतिमा देखी तो तनाव फैल गया। कुछ देर में वहां तमाम लोगों को भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बसपा प्रत्याशी कुंवर शक्ति सिंह, मंडल कोआर्डिनेटर जीतलाल पासी, जिलाध्यक्ष लालचंद, जिला प्रभारी लालजी प्रजापति, वीरेन्द्र सिंह, विकास सिंह, श्रवण कुमार शुक्ल के अलावा तमाम बसपा पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। बसपा प्रत्याशी कुंवर शक्ति सिंह ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा तोड़ा जाना बहुजन समाज की भावनाओं को आहत करता है। ऐसे अराजक तत्वों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर पहुंचे एसडीएम पट्टी रतिभानवर्मा, सीओ एनके ओझा, थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा मनीष पांडेय भी मौजूद रहे। प्रशासन ने इस मामले में रमाकांत गौतम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने के साथ नई मूर्ति स्थापित करा मामला शांत कराया।