तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की खबर पर पहुंचे लोगों ने बस ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी। पुलिस आरोपी बस चालक व बस को कब्जे में लेकर थाने चली आई। भीड़ बढ़ते देख पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में भेजे जाने के पूर्व शव न दिखाए जाने पर परिजनों ने हंगामा किया। महिलाओं ने मौके पर पहुंचे एक दरेागा को पीट दिया। खबर लिखे जाने तक लोग थाने के आसपास जुटे रहे।
मंगलवार की शाम करीब पांच बजे उदयपुर थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव निवासी शिवकेश सिंह (35) पुत्र दृगपाल अपनी साली आरती (30) पत्नी अजय निवासी खानीपुर को बाइक पर बैठा कर सांगीपुर बाजार से घर जा रहे थे। उसके साथ आरती का पांच साल का बेटा सुमित और एक साल की बेटी आंचल भी थी। बताया जाता है कि जैसे ही वह राजमतीपुर तिराहे से आगे बढ़ेे कि अचानक सामने से तेज रफ्तार में बस आ गई। बस की चपेट में आने से शिवकेश बाइक समेत सड़क पर गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरती और उनका बेटा सड़क किनारे जा गिरे। आसपास के लोग आननफानन में पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल सुमित को सीएचसी सांगीपुर ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर आरोपी बस ड्राइवर की भी लोगों ने धुनाई कर दी। पुलिस बस व आरेापी को अपने साथ थाने लेकर चली आई। पुलिस ने शिवकेश व सुमित के शव का पंचातयतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुमित की मां आरती बदहवास हो चली है। वह भाग भाग कर अपने कलेजे के टुकड़े को लोगों से मांग रही थी। परिजन किसी तरह आरती को संभाल रहे थे।