उदयपुर इलाके में शौच गई किशोरी से पड़ोसी युवक ने जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजने के साथ ही आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उदयपुर इलाके की एक किशोरी शनिवार की शाम शौच के लिए गई थी। इस बीच पड़ोसी युवक ने उसे दबोच लिया। युवक ने उसकी आबरू लूटने के बाद उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी से भयभीत किशोरी घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इस मामले को लेकर पीड़िता के परिजन दूसरे दिन थाने पर पहुंचे लेकिन कोई नहीं मिला।
परिजनों के मुताबिक सोमवार को उदयपुर में हुए बवाल के कारण वह थाने नहीं गए। मंगलवार को पीड़िता के परिजन फिर थाने पर पहुंचे और पूरी दास्तान बताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ ने उसे मेडिकल के लिए भेजा और आरोपी की तलाश में जुट गई। देर रात दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसओ संतोष दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। मेडिकल के बाद पीड़िता का बयान कोर्ट के सामने कराया जाएगा। घटना की छानबीन की जा रही है।