मानधाता थाना क्षेत्र के अमैयामऊ निवासी राशिद की मदद के लिए जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने विदेश मंत्रालय के साथ ही गृहमंत्रालय को पत्र भेजा है। ताकि उसकी वतन वापसी की राह आसान हो सके। परिवार के लोगों ने ठान लिया है कि यदि कुछ दिनों के इंतजार के बाद बात नहीं बनी तो वे दिल्ली रवाना होंगे।
अमैयामऊ निवासी राशिद पुत्र सामुद अली 20 जुलाई 2013 को मुंबई से वीजा लेकर सऊदी अरब कमाने गया था। जहां वह कफील के चक्कर में फंस गया। चार महीने की तनख्वाह देना तो दूर कफील ने राशिद की हिन्दुस्तान दूतावास के साथ ही सरकारी कार्यालयों में शिकायत कर दी कि वह चार माह से गायब है। कफील से बचने के लिए वह भागा-भागा फिर रहा है। राशिद के साथियों से पूछताछ करने व धमकी देने का सिलसिला जारी है। इधर राशिद के परिवार के लोगों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह ने गृहमंत्रालय व विदेश मंत्रालय पत्र भेजा है ताकि राशिद को बचाया जा सके। सऊदी अरब में रहने वाले राशिद के साथियों की बातों पर भरोसा करें तो कफील से बचाने के लिए हर दिन उसका ठिकाना बदलना पड़ रहा है। राशिद की मदद चोरी छिपे साथी कर रहे हैं। बात करते हुए वे रुआंसे हो जाते हैं। उन लोगों को देश से सरकारी मदद का इंतजार है। सभी को भरोसा है कि सरकार के हस्तक्षेप के बाद राशिद को बचाया जा सकता है। अब तो पिता सामुद अली , मां, भाई व पत्नी कहने लगी है कि यदि बात नहीं बनी तो वे लोग दिल्ली जाएंगीं। वे राशिद के वतन वापसी के लिए पूरा प्रयास करेंगीं।