कटरामेदनीगंज में होने वाले लकी ड्रा में हर माह लोग लुट रहे हैं। पहला इनाम खुलने के बाद एक हजार रुपये का कूपन खरीदने वाले का पहला नंबर भी आया, लेकिन उसे इनाम नहीं दिया गया। उसने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
नगर कोतवाली के रूपापुर निवासी रमेश शर्मा का आरोप है कि गायत्री मार्केटिंग नाम से कटरामेदनीगंज में एक लकी ड्रा का आयोजन हर माह की तीन तारीख को किया जाता है। जो भी इस नंबर गेम में हिस्स लेना चाहता है उसे एक हजार रुपये जमा करने के बाद कूपन मिलता है। गुरुवार को भी भारी संख्या में लोगों ने इस नंबर गेम में हिस्सा लिया। डिब्बे में कूपन को डालकर हिलाया गया। इसके बाद कमेटी के लोगों ने एक नंबर गेम निकालने के लिए एक व्यक्ति को बुलाया। प्रथम लकी कूपन रमेश शर्मा के नाम से निकला।
जिसका नंबर 1191 का था। जिसे कैमरे में कैद कर लिया गया। दूसरे नंबरों को निकालने के लिए फिर से दूसरे लोगों को बुलाया गया। हर माह में 20 लोगों को इनाम देने का प्रावधान कंपनी के लोगों ने दे रखा है। रमेश की लकी ड्रा में नैनो कार निकली लेकिन कमेटी के लोगों ने उसे देने से इनकार कर दिया। रमेश के पूछने पर कंपनी के लोगों ने बताया कि कूपन में दो बार यह नंबर मिला है। इसलिए इस परिणाम को रोक लिया गया है। इसके बाद कूपन लेकर कंपनी के लोग कहीं चले गए। उसने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की है। चौकी प्रभारी वजीउल्ला ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि इस तरह की कोई कंपनी नंबर गेम का संचालन करा रही है तो जांच के बाद कार्रवाई होगी।