गुरुवार की रात शातिर बदमाशों ने इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर पुराना मालगोदाम तिराहे के समीप स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम में चोरी का प्रयास किया। एक बदमाश अंदर घुसकर चार घंटे तक एटीएम मशीन को तोड़ने को प्रयास करता रहा, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। जबकि उसके साथी बाहर पहरेदारी कर रहे थे। उसकी सारी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मजे की बात यह है कि पुलिस को इस घटना की जानकारी तक नहीं हो पाई। चोर चार घंटे तक एटीएम के अंदर घुसा रहा और गश्ती पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। बैंक के मैनेजर ने शुक्रवार को पुलिस को घटना की तहरीर दी।
इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग स्थित नगर कोतवाली के बाबागंज हनुमान मंदिर के सामने पंजाब नेशनल बैंक है। उसी से सटा हुआ पीएनबी का एटीएम भी है। गुरुवार की रात करीब सवा 12 बजे एक बदमाश एटीएम के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद अंदर से शटर बंद कर लिया। बल्ब ऑन करके कैश लूटने के लिए एटीएम मशीन को तोड़ने लगा। सीसीटीवी फुटेज पर गौर करें तो चोर चार घंटे तक लगातर कैश लूटने के लिए मशीन को तोड़ने का प्रयास करता रहा। उसका कुछ हिस्सा तोड़ भी दिया, मगर कामयाबी नहीं मिली। भोर होते देख वह बाहर खड़े अपने साथियों के साथ भाग निकला।
शुक्रवार की सुबह बैंक मैनेजर राजीव कुमार सिन्हा बैंक खोलने के बाद एटीएम खोलने के लिए पहुंचे तो एटीएम मशीन के मुख्य द्वार का टूटा ताला देखकर दंग रह गए। उन्होंने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने अंदर घुसकर देखा तो एटीएम मशीन का कुछ हिस्सा टूटा हुआ था। हालांकि बदमाश लॉक नहीं तोड़ पाए थे। जिससे चलते एटीएम में रखो 12 लाख से अधिक रुपये बच गए।