रानीगंज थाना क्षेत्र के भागीपुर गांव निवासी इंटर के छात्र शैलेश की हत्या उसके ही पांच नाबालिग दोस्तों ने की थी। सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि प्रेम संबंधों के विवाद में चाकू से गला रेतकर दोस्तों ने शैलेश का शव कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने शुक्रवार को मामले के पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में चार इंटर जबकि एक हाईस्कूल का छात्र है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के भागीपुर निवासी शैलेश विश्वकर्मा (16) पुत्र शिवभजन 12वीं का छात्र था। उसका शव बुधवार को कुएं में मिला था। कई दिनों तक छानबीन करने के बाद पुलिस इस मामले में उसके पांच दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए एएसपी पश्चिमी बसंतलाल ने बताया कि घटना के बाद कॉल डिटेल खंगाली गई तो सच्चाई परत दर परत सामने आती चली गई। मोबाइल सर्विलांस के जरिए घटना की तह तक पहुंचा जा सका। शैलेश को प्रेम संबंधों के विवाद में मौत के घाट उतारा गया। आरोपियों में से एक छात्र का एक छात्रा से चक्कर चल रहा था। शैलेश छात्रा को अक्सर छेड़ता था जिसके बाद उसके पांच दोस्तों ने उसे मारने की योजना बनाई।
एएसपी ने बताया कि 24 दिसंबर को फोनकर शैलेश को घर से बुलाया गया। इसके बाद सभी उसे लेकर साथ में बाजार आए। यहां एक साथ बैठकर उसे नाश्ता कराया। फिर पांचों उसे खेलने के बहाने खेत की ओर ले गए। वहां जब खेलते-खेलते शैलेश थक गया तो पांचों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। अधमरा होने पर चाकू से उसका गला रेत दिया। पांचों छात्रों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कुएं मेें फेंक दिया।
हत्या के बाद दस मीटर तक घसीटा था शव
छात्रों ने जिस तरह इस घटना को अंजाम दिया, उसके बारे में सुनकर पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी दस मीटर तक शव को घसीटकर कुएं के पास ले गए। इसके बाद शव कुएं में फेंककर फरार हो गए। रानीगंज एसओ ने बताया कि सर्विलांस के जरिए आरोपियों तक पहुंचा जा सका। चाकू भी बरामद कर लिया गया है।