शौचालय और आवास की जांच करने गांव में पहुंचीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष से गांव की ही एक महिला भिड़ गई। इस दौरान एक बाइक से कुछ लोग पहुंचे और भाजपा जिला उपाध्यक्ष की पिटाई कर दी। किसी तरह से उन्होंने जान बचाई। उन्होंने जेठवारा में तहरीर दी है। दूसरी तरह से महिला ने बाघराय थाने में पहुंचकर तहरीर दी।
बाघराय थाना क्षेत्र के पंचमहुंआ गांव में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सरोज त्रिपाठी पार्टी के निर्देश पर आवास व शौचालय का सत्यापन करने पहुंची थीं। इस दौरान गांव की ही कुछ महिलाओं ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान बाइक से आए तीन लोगों ने जिला उपाध्यक्षा की पिटाई करनी शुरू कर दी। उन्होंने सूचना पुलिस अधीक्षक को दी तो उन्होंने बताया कि वह जेठवारा में हैं। इस पर जिला उपाध्यक्ष जेठवारा पहुंचीं और उन्होंने अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी देते हुए तहरीर दी। इधर, गांव की महिला गुड्डी देवी ने बाघराय थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने आवास में दस हजार की मांग की थी।
पैसा न देने पर उसके साथ मारपीट करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इस दौरान उसके साथ मीरा देवी, फूलकली, सुशीला सोनी, सपना, मुस्कान, सुषमा, आशा, गीता, निधि, शोभा, पूजा आदि महिलाओं ने आवास दिलाने व आवास जांच के नाम पर दस हजार रुपये की मांग करने का आरोप भाजपा जिला उपाध्यक्ष सरोज त्रिपाठी पर लगाया। उधर, जिला उपाध्यक्ष ने रुपये मांगने को फर्जी बताते हुए अपने साथ मारपीट किए जाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।