सगरा स्थित बैंक से पचास हजार रुपये निकाल कर एसबीआई की फ्रेंचाइजी पर जा रहे संचालक से बदमाशाें ने तमंचा सटाकर नकदी व बाइक लूट ली। लूट के दौरान बदमाशों ने संचालक को बट से मारकर लहूलुहान कर दिया। दिनदहाड़े लूट की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश दूर जा चुके थे। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशाें के खिलाफ तहरीर दी है।
अंतू थाना क्षेत्र के रसूलपुर गुलरहा निवासी विमलेश द्विवेदी पुत्र देवी प्रसाद द्विवेदी ने इलाके के भठ्ठी बाजार में एसबीआई की फ्रेंचाइजी खोल रखी है। गुरुवार को सुबह वह सगरा सुंदरपुर बाजार स्थित एसबीआई की ब्रांच से पैसा निकालने गए थे। खाते से पचास हजार रुपये निकालने के बाद करीब 11 बजे वह बाइक से फ्रेंचाइजी पर जाने के लिए निकले। लालगंज भठ्ठी चौराहा से कुछ दूर पहले लालगंज कोतवाली के सकूहाबाद में सई नदी के गंगापुत्री घाट पर पहले से घात लगाए बदमाशाें ने तमंचे के बल पर उनकी बाइक जबरन रोकवा ली। बदमाश उनसे रुपये छीनने लगे तो विमलेश ने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उन्हें तमंचे की बट से मारकर लहूलुहान कर दिया और पचास हजार रुपये लूट लीी उनकी ही बाइक पर बैठकर रफूचक्कर हो गए। भागने के दौरान कुछ दूरी पर मवेशी चराने गए एक युवक ने बदमाशाें को रोकने का प्रयास किया तो उस पर बदमाशों ने तमंचा तान दिया। इससे वह डरकर झाड़ियाें में छिप गया। गंगापुत्री घाट से कुछ दूर पहले लूट की घटना से लोगों में दहशत फैल गई।
घटना स्थल लालगंज कोतवाली में होने के चलते सीओ अतुल कुमार सोनकर व कोतवाल बीपी तिवारी भागकर मौके पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश में घेराबंदी कराई गई लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। कुछ देर छानबीन करने के बाद अफसर वापस लौट गए। घटना के बाद पीड़ित लालगंज कोतवाली पहुंचा और अज्ञात बदमाशाें के खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के अनुसार केस दर्ज किया गया है। बैंक से पैसा निकालने और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर बदमाशाें की तलाश की जाएगी। हो सकता है कि बदमाशों का कोई साथी बैंक से ही फ्रेंचाइजी संचालक के पीछे लगा रहा हो। शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।