मेरठ से कमाकर लौट रहे युवक को बाइक सवार बदमाशों ने इलाहाबाद के मलाका के पास मारपीट कर लूट लिया। फाफामऊ रेलवे स्टेशन से बदमाशों ने उसे बाइक पर बैठाया था। छह माह बाद वह घर लौट रहा था। पैसा लूटे जाने के कारण वह घर नहीं जा रहा था। इस बात की जानकारी परिजनों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे और उसे समझाकर घर ले आए।
मानधाता थाना क्षेत्र के खमपुर निवासी मिठाईलाल (28) पुत्र गया प्रसाद पटेल मेरठ में रहता है। वह ईंट-भट्ठे पर मजूदरी करता है। छह माह बाद वह घर लौट रहा था। वह नौचंदी एक्सप्रेस से फाफामऊ स्टेशन पर उतरा। स्टेशन के गेट के पास ही एक बाइक पर सवार दो युवक उससे मिल गए। उसे उसके घर तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। दोनों उसे मलाका की तरफ ले गए। वहां दोनों ने मिठाईलाल की पिटाई शुरू कर दी। इससे वह अचेत हो गया। बदमाश उसका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में सामान के साथ 23 हजार रुपये थे। मिठाईलाल की मानें तो थोड़ी दूर पर रहे दो होमगार्ड घटना को देख रहे थे। उन्होंने बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। उसने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।