दहिलामऊ में सोमवार की रात चोर एक बंद मकान खंगाल ले गए। सुबह जानकारी होने पर गृहस्वामी परेशान हो गया। वह परिवार के साथ पैतृक गांव गया था। दहिलामऊ निवासी संजय कुमार श्रीवास्तव के पिता के मौत 14 जनवरी को हो गई थी। वह परिवार के साथ पैतृक गांव कुंडा क्षेत्र के मनगढ़ उगापुर गया था। सोमवार की रात चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए।
आलमारी व बाक्स का लॉक तोड़कर उसमेें रखे लगभग 20 हजार रुपये व करीब एक लाख के जेवरात उठा ले गए। मंगलवार की सुबह पड़ोस के लोग संजय के मकान का दरवाजा खुला देखकर हैरत में पड़ गए। घर में देखा तो कोई नहीं था। सामान बिखरा पड़ा था। किसी ने इसकी जानकारी फोन पर संजय को दी। वह परिवार के साथ घर पहुंचा और आलमारी व बाक्स का टूटा ताला देखकर दंग रह गया। उसने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।