अंतू थाना क्षेत्र के रामपुर रजवाणी में मंगलवार की शाम वोट न देने पर प्रधान पक्ष के लोगों ने एक कुनबे पर जमकर कहर ढाया। पूरे परिवार की पिटाई कर लूटपाट के बाद छप्परनुमा घर आग के हवाले कर दिया। घटना से गांव में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। दूसरी तरफ प्रधान पक्ष की तरफ से भी लोगों के घायल होने की खबर है, लेकिन कोई पुलिस के सामने नहीं आया।
रामपुर रजवाणी निवासी सलीम ने आटा चक्की खोल रखी है। मंगलवार की शाम गांव के प्रधान अतिबल सिंह का भाई कृष्णपाल सिंह उधर से गुजरा। रास्ते में खड़े होने को लेकर मेहंदी हसन से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कुछ ही देर में प्रधान पक्ष के दर्जनों लोग उसके घर आ धमके। उन लोगों ने पहले तो सलीम, मेंहदी को मारापीटा। शोरशराबा सुनकर घर की महिलाएं दौड़ीं तो हमलावरों ने उन लोगों को भी लाठी-डंडे से पीटा। मासूम बच्चों को भी पीटा गया। घर में रखे जेवरात व कीमती सामान लूटने के बाद घर में आग लगा दिया। गांव के लोग दौड़े, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक देख पीछे हो गए। सूचना मिलने पर गड़वारा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट में गंभीर रूप से घायल सलीम (50), सलीम (25), शबनम (16), पुत्री सलीम, आसिफ (18) पुत्रसलीम, शहनाज (16), नूरजहां (5) पुत्री मेहंदी हसन, समा (4) पुत्री मेहंदी हसन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग में उसकी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सलीम का आरोप है कि उसने अपनी बेटी की शादी के लिए जेवरात घर में रखे थे। जिसे हमलावर उठा ले गए। प्रधान उससे वोट न देने को लेकर नाराज थे। इसी के चलते मारापीटा और घर में आग लगा दी। दूसरी ओर मारपीट में प्रधान पक्ष के लोगों के भी घायल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन कोई पुलिस के सामने नहीं आया। घटना की खबर मिलने पर सीओ सिटी मनीष मिश्रा अस्पताल पहुुंच गए। उन्होंने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।