सादाबाद (ब्यूरो)। सर्राफा कारोबारी विकास अग्रवाल से सोमवार की देर शाम हुई लाखों के आभूषणों की लूट के बाद मंगलवार को कस्बे के सर्राफा कारोबारी भड़क गए। सर्राफा कारोबारियाें ने एकजुट होकर अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद रखकर घटना पर विरोध जताया। कारोबारियों ने कोतवाली का भी घेराव किया और एसओ से घटना के खुलासे की मांग की।
कस्बे के मोहल्ला जैसवाल में भूत हवेली के समीप सोमवार की शाम आधा दर्जन बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने दुकान बंद कर पैदल घर जा रहे सर्राफ विकास पुत्र दाऊ दयाल अग्रवाल से आभूषणों से भरे थैले को छीन लिया था। सरेशाम हुई इस घटना से सर्राफा कारोबारियों में भारी आक्रोश था। मंगलवार की सुबह सुभाष गली नुक्कड़ पर सर्राफा कारोबारी एकत्रित हुए।
इन कारोबारियों ने सभी सर्राफा कारोबारियों की दुकानों को बंद करा दिया। उसके बाद व्यापारी नेता पूर्व चेयरमेन बालकिशन गोयल को साथ लेकर कारोबारी कोतवाली पर पहुंच गए। वहां कारोबारियों ने कोतवाली को घेर लिया। कारोबारियों का आरोप था कि सर्राफा कारोबारियों को पुलिस कोई सुरक्षा प्रदान नहीं कर रही है। पूर्व में भी कई सर्राफा कारोबारियों के साथ लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस किसी घटना को नहीं खोल पाई है। एसओ महेश यादव ने कारोबारियों को आश्वस्त किया कि वह इस लूट की घटना का जरुर खुलासा करेंगे। इसके लिए पुलिस टीम भी लगा दी गई हैं।
सर्राफा दुकानों के आसपास पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी तय की जाएगी। सर्राफा कमेटी के स्थानीय अध्यक्ष कन्हैयालाल वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि 3 दिन में पुलिस ने घटना का खुलासा और लुटेरे गिरफ्तार नहीं किए तो शुक्रवार से सर्राफा कारोबारी अनिश्चितकाल के लिए दुकानाें को बंद रखेंगे। इस दौरान दाऊदयाल अग्रवाल, रामकिशन वर्मा, बीके वर्मा, मनीष अग्रवाल, संटू बंसल, लांगुरिया, अमित वर्मा, राकेश वर्मा, पवन गौड, सोनू सिंघल, ओम प्रकाश, महेश गर्ग, हरी वर्मा, शैलू वर्मा, नंदू अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, गुड्डू वर्मा, दिनेश वर्मा, गोपाल वर्मा, सुधीर बंसल, मनोज अग्रवाल, किशन गौड, निर्मल गौतम, विष्णु वर्मा, लाला बौहरे, अजय बंसल आदि मौजूद थे।