अंतू थाना क्षेत्र के बझान निवासी तेजभान सिंह (50) को पड़ोस के लोगों ने सोमवार की रात करीब ग्यारह बजे लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। हमलावरों ने मृतक पर घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस दो पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। आरोप है कि सोमवार की रात तेजभान सिंह अपने घर से करीब एक किमी दूर महाराजदीन पाल के घर मेें घुस गया। महिलाओं के शोर मचाने पर घरवाले जाग गए। शोरशराबे पर इकट्ठे हुए ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने तेजभान को लाठी-डंडों से जमकर मारापीटा। कुछ देर बाद उसके घर वाले भी मौके पर पहुंच गए।
गंभीर रूप से घायल तेजभान को परिजन इलाज के लिए लेकर जिला अस्पताल लेकर भागे। यहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। अधेड़ की हत्या की खबर पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। मृतक के बेटे शैलेंद्र का कहना है कि उसके पिता को घर से बुलाकर ले जाया गया। साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। जबकि, महाराजदीन पाल के घरवालों को कहना है कि तेजभान बदनियती से उसके घर में घुसा और सो रही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिलाओं के शोर मचाने पर लोग बदमाश समझकर उसे मारने पीटने लगे। इस मामले में पुलिस ने महाराजदीन व उसके बेटे जीतलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।