कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले एलआईसी कर्मचारी की गुरुवार की रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर उसके परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर जमकर हंगामा किया। मृतक के भाई ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। इलाहाबाद जनपद के सरायइनायत थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी दीपचन्द्र (40) पुत्र मुंशीलाल एलआईसी में कर्मचारी था। वह अपनी पत्नी और बच्चों को घर पर छोड़कर प्रतापगढ़ में रहता था। बताते हैं कि दस वर्ष पहले कांशीराम कॉलोनी में रहने वाली नेहा से उसका संपर्क हुआ।
धीरे-धीरे दोनों की नजदीकी बढ़ी और दोनों ने शादी कर ली। दीपचन्द्र ने घर आना-जाना छोड़ दिया। गुरुवार की शाम दीपचन्द्र बीमार हो गया। नेहा की मानें तो वह बाजार से दवा खरीदकर लाया और उसे खा लिया। थोड़ी देर बाद उसके मुंह से झाग आने लगा और वह अचेत हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बात की जानकारी जब दीपचन्द्र के भाई केवला प्रसाद को हुई तो वह परिवार के साथ कांशीराम कॉलोनी पहुंचा और इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को देने के साथ हंगामा करने लगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरवालों ने पोस्टमार्टम हाउस में भी हंगामा किया। केवला प्रसाद ने भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है।