मोहनगंज बाजार में दो दिनी साप्ताहिक बाजार में आने वाले दुकानदारों से स्थानीय दबंग तहबाजारी वसूल करते हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। इससे परेशान होकर लोगों ने मंगलवार को तहसील दिवस में अफसरों से शिकायत की है।
मोहनगंज में दो दिनों तक साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार जिस स्थान पर लगता है उस भूमि का किसी का कोई सरोकार नहीं है। मामले में मंगलवार को तेजभान सिंह ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देते हुए दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने एसडीएम व सीओ सिटी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि स्थानीय दबंग दुकानदारों से जबरन वसूली करते हैं। विरोध करने वाले लोगों को धमकाया भी जाता है। स्थानीय पुलिस चौकी पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे शिकायत करने वालों को ही पुलिसकर्मी बुरा भला कहते हैं। इस तरह अनैतिक रूप से दुकान लगाने वालों को गुंडाटैक्स देना पड़ रहा है।
सीओ सिटी मनीष मिश्र ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को निर्देश दिया है। दूसरी ओर नगर कोतवाली के खजुरनी निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक गंगा प्रसाद पांडेय शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग से समस्त देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिससे उसके परिवार के सामने संकट पैदा हो गया है।