शहर के भैरोपुर रामलीला मैदान में दुकान लगाने को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। हंगामे की खबर मिलने पर पहुंची मकंद्रूगंज पुलिस ने चार लोगों को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अवैध कब्जे के साथ ठेला व गुमटियों को हटवा दिया। दोनों पक्षों का पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। इसे लेकर काफी देर तक तनाव के हालात बने रहे।
इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित रामलीला मैदान पर गुमटी व ठेला लगाकर लोग खाने-पीने की सामग्री के साथ दूसरा काम-धंधा करते हैं। सोमवार को दुकान लगाने को लेकर नौशाद पुत्र कुर्बान निवासी बेगमवार्ड और भाईजान उर्फ शरीफ निवासी पाइक रोड के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट होने लगी। एक बार तो आसपास के लोगों ने प्रयास कर मारपीट करने वालों को अलग कर दिया। थोड़ी देर बाद दोनों पक्ष से लोगों का जमघट होने लगा। दुकान लगाने के स्थान को लेकर उनके बीच फिर से बवाल होने लगा। वे एक दूसरे पर हमला बोल दिए। तभी मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
इस पर मारपीट करने वाले भागने लगे। पुलिस ने दोनों पक्ष से चार लोगों को धर दबोचा। एक पक्ष से नौशाद, मोबीन व दूसरे पक्ष से शरीफ व उस्मान को कोतवाली उठा ले आए। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर जेपी मिश्रा के आदेश पर तहसील प्रशासन व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। रामलीला मैदान पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों की गुमटी, ठेला समेत अन्य सामानों को तत्काल हटवाया। पुलिस का सख्त रूप देख दुकानदार अपनी गुमटी व दुकानों का सामान लेकर भागने लगे। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। इस दौरान घटनास्थल से लेकर कोतवाली तक लोगों की भारी भीड़ जमा रही।