मंगलवार को हाईस्कूल गणित की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे ‘मुन्नाभाई’ को कक्ष निरीक्षक ने दबोच लिया। पहले तो वह अपने को सही साबित करने में लगा रहा, मगर बाद में दबाव बढ़ने पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। कंधई पुलिस ने देर शाम मुकदमा दर्ज कर उसे हवालात में डाल दिया।
मंगरौरा ब्लाक के गौरी शंकर इंटरमीडिएट कॉलेज कंधई मधुुपुर में मंगलवार को हाईस्कूल गणित का पेपर चल रहा था। इस बीच चर्चा शुरू हो गई कि एक परीक्षार्थी के स्थान पर कोई और परीक्षा दे रहा है। हिंदी में दूसरा परीक्षार्थी था और गणित में कोई और है। चेकलिस्ट और प्रवेशपत्र से मिलान करने पर फोटो में अंतर मिलते ही केंद्र व्यवस्थापक ने ‘मुन्नाभाई’ को दबोच लिया।
पूछताछ में पता चला कि गजराजी देवी बालिका उच्चचतर माध्यमिक विद्यालय किशुनगंज से हाईस्कूल का फार्म भरने वाला शिवम सोनी वर्तमान में बीए कर रहा है। उसे अच्छा अंक दिलाने के लिए उसके साथी सूर्यभान सरोज ने उसका साथ देने का फैसला लिया। सूर्यभान के अनुसार शिवम सोनी और उसके बीच जो समझौता हुआ था उसके मुताबिक गणित और विज्ञान की परीक्षा में उसे बैठना था। बाकी के पेपर शिवम को देना था। गणित के पेपर में ही सूर्यभान के पकडे़ जाने पर मामले का खुलासा हो गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर कंधई पुलिस ने अंतू इलाके के लोहंगपुर गांव निवासी सूर्यभान सरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हवालात में डाल दिया है। एसओ कंधई सुरेश सैनी ने बताया कि बुधवार को चालान भेजा जाएगा।