मनगढ़ स्थित एचडीएफसी बैंक में फर्जी खाता खुलवाकर उसमें फर्जी चेक लगाकर 30 लाख रुपये निकाल लिए गए। कंपनी ने मुकदमा दर्ज कराया तो जांच करने पहुंची पुलिस को सारी आईडी फर्जी मिली। मनगढ़ एचडीएफसी बैंक में दो साल पहले एक व्यक्ति ने बनारसीदीन निवासी हीरागंज के नाम से एक खाता खुलवाया। कुछ दिन खाता चलने के बाद जौनपुर की एक कंपनी का 30 लाख रुपये का चेक लगा दिया।
चेक कैश होने के बाद उसने खाते से रुपये निकाल लिए और गायब हो गया। उधर, कंपनी के खाते से फर्जी चेक के माध्यम से पैसा कटा तो उसने जौनपुर के लाइन बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसकी जांच करने पहुंची पुलिस ने बैंक से खाते की जांच की। इसके साथ हीरागंज पहुंचकर उस व्यक्ति के पते का वेरीफिकेशन किया, लेकिन उस पते पर कोई भी व्यक्ति इस नाम का नहीं मिला। इससे पुलिस चक्कर खा गई है। फिलहाल, लाइन बाजार की पुलिस दो दिन से इसकी खोजबीन कर रही है।