कस्बा स्थित एसबीआई के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े फायरिंग से भगदड़ मच गई। पुलिस को नजदीक आते देख संदिग्ध युवक ने हवाई फायर झोंक दिया। फायर होते ही पुलिसकर्मी उल्टे पांव भाग खड़े हुए। फायर करने वाला युवक तमंचा लहराते आराम से भाग निकला, जबकि दुकान पर खड़े उसके साथी को पुलिस ने बाइक समेत धर दबोचा।
लालगंज कस्बे में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे एसबीआई ब्रांच से कुछ पहले एक पान की दुकान पर बिना नंबर की बाइक से दो युवक पहुंचे। इस बीच कहीं जा रहे प्रभारी कोतवाल अमित पांडेय और हमराहियाें को देख पान की दुकान पर खड़े संदिग्ध युवक छिपने लगे। पुलिस को आते देख वहां खड़ा एक युवक पीछे गली की ओर भागने लगा।
उसे भागते देख पुलिस ने कस्बे वासियों के साथ खदेड़ लिया। यह देख भाग रहे युवक ने तमंचा निकाला और हवा में फायर झोंक दिया। फायर की आवाज सुनते ही युवक के पीछे लगी पुलिस ने पीछा छोड़ दिया। इसका फायदा उठाकर युवक हाथ में तमंचा लहराते पुलिस की आखों से ओझल हो गया। इस बीच कस्बे वासियों की मदद से पुलिस कर्मियों ने फायर करने वाले युवक के साथी को पान की दुकान के सामने से दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने खुद को अंतू थाना क्षेत्र के जगदीशपुर महुआताल निवासी विनय उपाध्याय पुत्र राजेश कुमार बताया। जबकि भाग निकलने वाले साथी की पहचान अंतू थाना क्षेत्र के आधारपुर निवासी राहुल उपाध्याय पुत्र देवनाथ के रूप में हुई। पुलिस ने विनय के पास से तलाशी के दौरान एक तमंचा व दो कारतूस बरामद करने का दावा किया है।