नवाबगंज थाना क्षेत्र के लवाना बाजार में बुधवार शाम दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी बाल जी सोनी (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश उनके पास रहा लाखों के आभूषण से भरा बैग छीनकर भाग निकले। बाजार वालों के दौड़ने पर ताबड़तोड़ बम फोड़कर सनसनी फैला दी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों के पीछे भागी, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। आला अधिकारी भी देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे और बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को लगाया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर धनापुर निवासी बाल जी सोनी (55) पुत्र बिंदादीन ने लवाना बाजार में बैंक के पास आभूषण की दुकान खोल रखी थी। वह दुकान से प्रतिदिन कीमती आभूषण घर ले जाते थे और फिर सुबह ले आते थे। बुधवार की शाम करीब छह बजे दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर वह घर जाने की तैयारी में थे। वह घर जाने के लिए एक युवक का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दो बाइक से छह लोग पहुंचे। बाइक रुकते ही बदमाशों ने सर्राफ को गोली मार दी। इससे वह गिर गए। इसके बाद बदमाश जेवरात से भरा बैग उठा लिए। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया।
खुद को घिरते देख लुटेरो ने ताबड़तोड़ बम फोड़े। इससे बाजार में सनसनी फैल गई। आसपास रहे लोग पीछे हट गए। इसका फायदा उठाते हुए बदमाश भाग निकले। गोली लगने से छटपटा रहे बालजी की थोड़ी देर में ही सांसें थम गईं। सूचना पर परिजनों के साथ ही मौके पर पुलिस भी पहुंची। बदमाशों की नाकेबंदी कराने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सके। फिलहाल देर शाम तक घटना की जांच की जा रही थी। मौके पर पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा, एएसपी पश्विमी दिनेश सिंह समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन के लिए छापेमारी शुरू कर दी। एसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।