व्यापारी नेता महादेव केसरवानी पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों की तलाश में पुलिस ने बुधवार की रात दबिश दी। अधिवक्ता समेत दो आरोपी पुलिस के हाथ लग गए। पुलिस दोनों को जेल भेजने की तैयारी में है। दूसरी ओर घायल व्यापारी नेता महादेव को बेहोशी की हालत में गुड़गांव स्थित वेदांता अस्पताल एयर एंबुलेंस से ले जाया गया।
बतादें कि बुधवार की सुबह व्यापारी नेता महादेव केसरवानी को घर में घुसकर गोली मारी गई थी। इस मामले में बेटा सुमित की तहरीर पर पुलिस ने शातिर अपराधी विकास सिंह, हलीम, तपन मिश्र समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बुधवार की रात पुलिस ने दबिश देकर जानलेवा हमले के आरोपी अधिवक्ता समीम खान व उसके भाई सलमान को पकड़ लिया।
शहर कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि दोनों से पूछताछ के बाद दूसरे आरोपियों की तलाश में मानधाता, शुकुलपुर, मीराभवन समेत कई स्थानों पर जोरदार दबिश दी गई लेकिन दूसरे आरोपी हाथ नही लगे। घटना को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को अंतू एसओ रामनरेश यादव और एसओ कोहंडौर राजकिशोर दलबल के साथ व्यापारी नेता के आवास के बाहर डटे रहे। बेटा अमित के आने पर शहर कोतवाल अनिल कुमार उनसे घटना व रंगदारी मांगने वालों की जानकारी ली। इधर गोली लगने से घायल व्यापारी नेता महादेव की हालत स्थिर बनी हुई है। यह देख डाक्टरों से राय मशविरे के बाद बेटा अमित व भतीजा बबलू एयर एंबुलेंस से उन्हें गुड़गांव के वेदांता अस्पताल ले गए। जहां रात करीब सात बजे से वहां के डाक्टरों ने उनका इलाज भी प्रारंभ कर दिया।