कस्टोडियन हत्याकांड और लूट कांड का राज फाश करने के लिए क्राइम ब्रांच अब लुटेरों के स्केच का सहारा लेगी। कर्मचारियों से हुलिया की जानकारी जुटाए जाने के बाद क्राइम ब्रांच स्केच तैयार करने में लगी है। वहीं मामले में पूछताछ के लिए उठाए गए आठ लोगों से कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया है। आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने के लिए रोडवेज विभाग का कैश लेकर निकले चेकमेट कंपनी के कस्टोडियन विनोद सिंह की गोली मारकर हत्या करने के बाद बदमाश सवा आठ लाख रुपये मंगलवार को लूट ले गए थे। पुलिस ने घटना के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी कर आठ संदिग्ध बदमाशों को उठाया था।
खुद एसपी ने सभी से पूछताछ की, लेकिन कोई अहम सुराग नहीं मिला। इसके चलते कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को सभी संदिग्धों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। तीन दिन बाद भी कोतवाली पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम के हाथ खाली हैं। शातिर बदमाशों की तलाश में दबिश देने वाली पुलिस को कुछ भी हाथ नहीं लगा। गुरुवार को भी कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम रोडवेज डिपो पहुंची। कर्मचारियों से बदमाशों के हुलिए की जानकारी करने लगी। कर्मचारी बदमाशों की कद काठी तो बता देते, मगर चेहरा देखने की बात टालने लगते।
इससे पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। आसपास के दुकानदारों से पुलिस लुटेरों का हुलिया जानने के लिए पसीना बहाती रही। पुलिस लोगों से पूछताछ के बाद एक्सर्ट से लुटेरों का स्केच बनवाने की तैयारी में है। लुटेरों की तलाश में तीसरे दिन भी पुलिस कंधई, लालगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की सीमा पर दबिश देते रही, लेकिन वे हाथ नहीं आए। शहर कोतवाल बलिराम मिश्र ने बताया कि बदमाशों की तलाश हर स्तर पर की जा रही है। उम्मीद है जल्द लुटेरों को दबोच लिया जाएगा।