शहर के पल्टन बाजार स्थित गुलशने मदीना मस्जिद के समीप गुरुवार की रात चाकू के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल कारोबारी को लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी सौरभ (22) पुत्र ईश्वरचंद राजापाल चौराहे पर मोबाइल की दुकान चलाता है। गुरुवार की देर रात वह दुकान बंद कर घर जा रहा था। आरोप है कि गुलशने मदीना मस्जिद के समीप पीछा कर रहे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखा कर रोक लिया। इलाका सूनसान होने की वजह से बदमाश उससे रुपये छीनने का प्रयास करने लगे तो युवक ने विरोध किया। इस पर बौखलाए बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
उसके बाद 4 मोबाइल, एक लैपटाप व 8 हजार नकद लेकर फरार हो गए। युवक ने फोन कर मामले की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर स्थानीय लोगों के साथ परिजन भी पहुंच गए। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। हालांकि पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है।