स्थानीय पीएचसी पर लूटपाट करने के इरादे से आए बदमाशों ने वार्ड ब्वाय को गोली मार दी। गोली उसके कान को चीरती हुई निकल गई। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश भाग निकले। इससे कर्मचारियों में दहशत व्याप्त है। कंधई थाना क्षेत्र के दिलीपपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वार्ड ब्वाय के रूप में प्रेमनाथ उर्फ बबलू मिश्रा (30) तैनात है। शनिवार की रात दो युवक पहुंचे।
बदमाशों ने बंद अस्पताल के दरवाजे पर लगे ताले को काटना प्रारंभ किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके। वार्ड ब्वाय की मानें तो बदमाश उसके कमरे का बंद दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और तमंचा सटाकर लूटपाट करने लगे। इस दौरान वह नकाबपोश बदमाशों का विरोध करने लगा। तभी एक बदमाश ने फायर कर दिया। गोली वार्ड ब्वाय के कान को किनारे से चीरते हुए निकल गई। चीख व फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश वार्ड ब्वाय की बाइक तोड़ने के साथ ही फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना मिलने पर दिलीपपुर चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे और घायल को लेकर अस्पताल गए। इस मामले में पुलिस ने वार्ड ब्वाय की तहरीर पर रिंकू समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ रामनरेश यादव ने बताया कि आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।