इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर ट्रक व डीसीएम की भीषण टक्कर हो गई। जिसमे डीसीएम चालक की मौत हो गई। खलासी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से डीसीएम में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाया।
नगर कोतवाली के बिहारगंज अखिलेश वर्मा की डीसीएम ट्रक रंजीतपुर चिलबिला राजेश यादव (28) पुत्र रामकिशोर चलाता था। उसके साथ सोनू यादव (23) पुत्र राम आसरे यादव खलासी रहता था। मंगलवार की रात राजेश छत्तीसगढ़ से टमाटर लादकर सुलतानपुर जा रहा था। इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर कोहड़ौर थाना क्षेत्र के करिस्ता गांव के करीब सामने से आ रही दस चक्का ट्रक से डीसीएम की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक की ओर का हिस्सा बुरी तरह चिपक गया। स्टेरिंग में चालक फंस गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बगल बैठा खलासी सोनू यादव बाल-बाल बच गया।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान वाहनों को रोककर दूसरे चालक भी मदद के लिए आए। लोगों ने चालक का शव निकालने का भरसक प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना मिलने पर कोहड़ौर पुलिस मौके पर पहुंची। रात में ही जेसीबी मंगवाकर पिचके हिस्से को खिंचवाया। इसके बाद शव को बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से मनोरोगी की मौत
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मनोरोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी ले आने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त नहीं होने पर शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
लालगंज कस्बे में बीते कुछ दिनाें से करीब 55 वर्षीय मनोरोगी कई दिनों से घूम रहा था। बताया जाता है कि रात होने पर वह कहीं सड़क किनारे ही सो जाता था। मंगलवार को अंधेरा होने पर वह सरस्वती विद्या मंदिर पीजी कालेज के समीप टेढ़ुई मोड़ पर बैठा था। इस बीच किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात में कोतवाली से घर जा रहे एक होमगार्ड ने उसे घायल समझकर एंबुलेंस से स्थानीय सीएचसी भेजवाया। यहंा पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार तक उसकी शिनाख्त नहीं होने पर शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। लोगों को कहना है कि मृतक विक्षिप्त था और कई दिनों से लालगंज कस्बा व आसपास के गांवों में घूमता रहता था। वह कहां का रहने वाला था इसकी जानकारी किसी का नहीं हो सकी।
कार पलटने से महिला की मौत, बेटी-दामाद घायल
कुंडा(ब्यूरो)। बेटी-दामान के साथ लखनऊ जा रही महिला की कार पलटने से मौत हो गई। इलाहाबाद की तरफ से लखनऊ की तरफ जा रही कार रात में कुंडा के मवई फाटक के पास एक डीसीएम से टकराकर पलट गई। इस दौरान इसमें बैठी मानधाता थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी ऊषा सिंह (60) पत्नी प्रदीप व उसकी बेटी रिंकी सिंह व दामाद अभिषेक सिंह घायल हो गए। ो रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से ऊषा सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर घायल बेटी और दामाद रात में ही शव लेकर इलाहाबाद चले गए।