प्रतापगढ़। अवैध असलहों के साथ नए साल का जश्न मनाना भारी पड़ गया। मौके पर पहुंची स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर 6 लोगों को दबोच लिया। जबकि तीन भागने में कामयाब हो गए। एक युवक के पास से पिस्टल व कारतूस बरामद हुई। पकड़े गए लोगों को छुड़ाने के लिए रातभर कोतवाली में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
नगर कोतवाली के कटरामेदनीगंज के करीब बड़ी संख्या में युवक नए साल का जश्न मनाने के लिए एकत्र हुए थे।
जश्न के दौरान तेज आवाज में फिल्मी गीत भी बज रहा था। नगर कोतवाल के मुताबिक जश्न में लोगों के असलहे के साथ होने व आपस में मारपीट होने की आशंका की खबर मिलने पर स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस ने एक साथ छापेमारी की। जिससे भगदड़ मच गई। तीन युवक भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने गौरव सिंह उर्फ टिंकू सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी भदोही के पास से एक पिस्टल व कारतूस बरामद हुआ। मौके से एक एयरगन भी मिली। सभी को पुलिस कोतवाली उठा लाई। जिन्हें छुड़ाने के लिए रातभर कोतवाली में हाईवोल्टेज ड्रामा होता रहा।
सिफारिश के साथ ही सभी को छोडने के लिए दबाव भी बनाया जाता रहा। सिटी चौकी प्रभारी ने मंगलवार को गौरव सिंह को सुखपालनगर के करीब से तमंचे के साथ गिरफ्तारी दिखाते हुए जेल भेज दिया। नगर कोतवाल ने बताया कि अन्य लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।